CM योगी आठ जुलाई को देंगे बड़ी सौगात , यूपी में 10 लाख शिक्षकों-कर्मचारियों को मिलेगा सुरक्षा कवच

देश के बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 10 लाख शिक्षक और कर्मचारियों को अब व्यापक सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आठ जुलाई को वाराणसी में बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच एमओयू होगा।

इसके तहत करीब 4.50 लाख स्थायी और 5.50 लाख संविदा शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, समग्र शिक्षा, मध्याह्न भोजन योजना व अन्य कार्मिक एसबीआई के विशेष सैलरी पैकेज से जुड़ेंगे।

स्थायी कार्मिकों को 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, एक करोड़ का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, एक करोड़ रुपये का स्थायी दिव्यांगता कवर और 1.60 करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट बीमा मिलेगा।

साथ ही बच्चों की शिक्षा और पुत्रियों के विवाह के लिए भी अतिरिक्त सुरक्षा कवर रहेगा। 10 हजार रुपये से अधिक मासिक वेतन पाने वाले संविदा कार्मिकों को 30 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा, स्थायी दिव्यांगता पर 30 लाख रुपये, आंशिक दिव्यांगता पर 15 लाख रुपये व एयर एक्सीडेंट पर 30 लाख रुपये का कवर मिलेगा।

10 हजार रुपये से कम वेतन वाले कार्मिकों को जीरो बैलेंस खाते और रुपे डेबिट कार्ड के आधार पर एक लाख का बीमा मिलेगा। एसबीआई में पहले से वेतन खाता रखने वालों को सैलरी पैकेज का लाभ मिलेगा, जबकि अन्य कर्मचारियों को एसबीआई में वेतन खाता खोलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button