राजस्थान: करौली के पुजारी हत्याकांड से गरमायी सियासत, भड़के केंद्रीय मंत्री

राजस्थान। राजस्थान के करौली जिले में जमीनी विवाद विवाद के चलते एक पुजारी को जिन्दा जलाकर मार डाला गया। जख्मी अवस्था में पुजारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि ये पूरा मामला जमीन पर कब्जे को लेकर है। आरोप है कि दबंगों ने जमीन पर कब्जा करने के मामले में पुजारी को जलाकर मार डाला। करौली जिले के इस काण्ड के बाद सियासत गरमा गयी है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस जघन्य अपराध को लेकर राज्य की गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया है कि क्या आप राजस्थान को बंगाल बनाना चाहते हो।

आज केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “करौली में एक मंदिर के पुजारी को जिंदा जला देना राजस्थान की दुर्दशा का हाल बता रहा है, अशोक जी राजस्थान को बंगाल बनाना चाहते हो या राज्य जिहादियों को सौंप दिया है! या इसका भी ठीकरा अपने राजकुमार की तरह मोदी जी या योगी जी पर फोड़ोगे?! षड्यंत्रों से समय मिले तो काम भी कर लें!.”

आपको बता दें की ये पूरा मामला करौली के बुकना गांव का है। जहाँ एक पुजारी को जलाकर मार डाला गया है। कल शाम इलाज के दौरान जयपुर के एसएमएस अस्पताल में पुजारी की दर्दनाक मौत हो जाने से राजधानी जयपुर सहित करौली जिले में पुजारियों और ब्राह्मण समाज द्वारा घटना का जबरदस्त विरोध किया जा रहा है।

इस मामले में पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच मंदिर की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक पुजारी बाबूलाल वैष्णव ने बताया था कि उनता परिवार मंदिर की 15 बीघा जमीन पर खेती करता था। आरोपी कैलाश, शंकर और नमो मीणा ने इस जमीन पर कब्जा कर लिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश मीणा निवासी बूकना थाना सपोटरा को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश पुलिस टीम बनाकर कर रही है। 

इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने 6 स्पेशल टीम गठित कर घटना के मुख्य आरोपी कैलाश मीणा को गिरफ्तार कर लिया, वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं सीएम अशोक गहलोत ने भी पुजारी को जिंदा जलाने के मामले में ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी है। अपने ट्वीट में गहलोत ने कहा कि सपोटरा, करौली में बाबूलाल वैष्णव जी की हत्या अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। सभ्य समाज में ऐसे कृत्य का कोई स्थान नहीं है। प्रदेश सरकार इस दुखद समय में शोकाकुल परिजनों के साथ है। घटना के प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं कार्रवाई जारी है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button