सीजेपी के ‘तिरंगा मार्च’ पर संकट: ‘सीपी का सेंट्रल पार्क 16-17 अक्तूबर को रहेगा बंद’, एनडीएमसी का फैसला

कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 16-17 अक्टूबर को बंद रहेगा। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के मुताबिक प्रशासनिक कारणों के चलते यह फैसला लिया गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने कल यानी 16 अक्तूबर को सेंट्रल पार्क पर तिरंगा मार्च करने का आह्वान किया है।

अभिजीत दिपके ने 16 अक्तूबर के लिए की थी यह अपील
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके ने सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने के लिए लोगों से अपील की थी। उन्होंने 16 अक्तूबर के लिए यह आह्वान किया था। दिपके ने लोगों से आग्रह किया था कि वे शुक्रवार को सेंट्रल पार्क पहुंचें। वहां आकर राष्ट्रीय ध्वज फहराने में शामिल हों। अभिजीत दिपके ने एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि आशुतोष रांका और सौरव दास को सिर्फ तिरंगा लहराने के आरोप में जेल में डाला गया है। मैं सभी से अपील करता हूं कि जितने भी लोग तिरंगे से प्यार करते हैं 16 अक्तूबर शाम पांच बजे आप सब कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगे से साथ पहुंचे। वहां हम अपना तिरंगा लहराएंगे। हम वहां बता देंगे कि तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है।

प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां पहले ही राष्ट्रीय राजधानी में तैनात की जा चुकी हैं। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ नाम से प्रदर्शन का आह्वान किया है।

एक पुलिस सूत्र ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया जाएगा। बैरिकेड लगाए जाएंगे और प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ आम लोगों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जाएगा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कनॉट प्लेस निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button