भारत टैक्सी चालकों को पांच लाख की सामाजिक सुरक्षा, प्रदेश के चार महानगरों में संचालन प्रारंभ

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत किसानों को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक से खेती और संबंधित कार्यों के लिए केवल छह प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण मिलेगा, अब तक यह दर 11 प्रतिशत थी।

भारत टैक्सी सेवा से दो पहिया और तीन पहिया वाहन चालक जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे। उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी। प्रदेश में लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में इसका संचालन शुरू कर दिया गया है। इसके संचालन में सहयोग के लिए लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं।

पांच कालिदास मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश में अलग सहकारिता मंत्रालय बना और अब इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पहले टैक्सी, दो पहिया और तीन पहिया चालकों के बारे में पहले कोई नहीं सोचता था।

अब ये चालक रजिस्ट्रेशन के साथ जीरो कमीशन पर भारत टैक्सी का हिस्सा बनेंगे। भारत टैक्सी देश की गति को प्रगति में बदलने का काम करेगी। उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से कहा कि भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाएं। इससे लाखों नौजवानों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के बारे में उन्होंने कहा कि अब छह प्रतिशत ब्याज दर पर खेती-बाड़ी और मशीनरी के लिए किसान ऋण ले सकेंगे। पांच लाख लघु और सीमांत किसानों को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य है। अन्नदाता किसान समृद्ध होगा तो भारत समृद्ध होगा। सहकारिता क्षेत्र जितना मजबूत होगा, देश भी उतना ही मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 122 चीनी मिलें चल रही हैं। इनमें 100 से अधिक मिलें चौथे दिन गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं। आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने 29 चीनी मिलें बंद की थीं और इनमें से 21 को औने-पौने दाम पर बेच दिया था।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषक समृद्धि पोर्टल ऐप (यूपीसीडीसी) लांच किया। उर्वरक के लिए मोबाइल ऐप और सहकारिता की सेवाओं को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए कोआपरेटिव डाटा सेंटर तथा मोबाइल ऐप की भी शुरुआत की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पांच सारथियों को भारत टैक्सी के शेयर प्रमाण पत्र और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र दिए। मुख्यमंत्री के साथ ही केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर झंडी दिखाकर भारत टैक्सी के वाहनों को रवाना किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति डा. विवेक कुमार सिंह तोमर, सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव पंकज कुमार बंसल, सहकारी ग्राम विकास बैंक के प्रबंध निदेशक आरके कुलश्रेष्ठ, भारत टैक्सी के उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button