आपके राज्य में कब होगी बारिश ? दिल्ली-यूपी-बिहार को कब मिलेगी गर्मी से राहत?

भारतीय मौसम विभाग ने देश के कुछ राज्यों में अगले दो से तीन दिनों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश, झारखंड, उड़ीसा और बिहार में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बादलों के तेज गरज के साथ बिजली चमकने का भी अनुमान है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां तेज आंधी-बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं।

झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ शहरों में बीते 24 घंटों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान भी आया।

पूर्वोत्तर भारत और उप हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने का अनुमान है। सिक्किम में पिछले 24 घंटे में भी बारिश हुई है।

उत्तर प्रदेश-दिल्ली को नहीं मिलेगी गर्मी से राहत

उत्तर-पश्चिम भारत हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में अगले तीन से चार दिन भयंकर गर्मी पड़ सकती है। दिन में तापमान 40-डिग्री के करीब रहेगा।

मध्य भारत में 20 जून तक तापमान धीरे-धीरे घटकर 2-3 डिग्री तक कम हो जाएगा। विदर्भ और तेलंगाना के अलग-अलग क्षेत्रों में 20 जून तक भीषण गर्मी रहने वाली है। वहीं आंध्र प्रदेश के लोगों को भी गर्मी से परेशान रहना होगा।

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम राज्यों तेलंगाना, बिहार, झारखंड, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले 4-5 दिनों में मानसून दस्तक दे सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

देश के कुछ राज्यों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई है, जिनमें उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, गुजरात के कुछ क्षेत्र, तमिलनाडु और केरलम शामिल है।

पूर्वी राजस्थान, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी 7-11 सेंटीमीटर के करीब बारिश हुई है। वहीं जम्मू-कश्मीर में 80 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर ओले भी पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button