समाजवादी पार्टी को सीएम योगी आदित्यनाथ की दो टूक, बोले-सैफई सिंडिकेट नहीं गिन पाएगा नियुक्ति पत्र बांटने की गति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जिस तेजी से नियुक्ति पत्र बांट रही है सैफई सिंडिकेट उसकी गति नहीं गिन पाएगा, क्योंकि उसे सिर्फ नोट गिनना आता है।वर्ष 2017 से पहले फिल्म मुन्ना भाई एमबीबीएस की तरह प्रदेश में नियुक्तियां होती थी। आवेदन कोई करता था और नियुक्ति पत्र किसी और को दिया जाता था।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 201 लेखा परीक्षक और 1393 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र दिया। उन्होंने कहा कि अब तक 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। यह संख्या सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल की कुल भर्तियों से दोगुने से भी अधिक है। अगले सप्ताह 50 हजार और नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। इनमें आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग के दो हजार चयनित अभ्यर्थी नौकरी पाएंगे।

मुन्ना भाई गैंग के सरगरना के बयान को पढ़ा

उन्होंने कहा कि मैं मुन्ना भाई गैंग के सरगरना के बयान को पढ़ रहा था। उनके समय में चयन की प्रक्रिया मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म की तरह थी। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई मुन्ना भाई लेकर चला जाता था। वर्ष 2015-16 में हाईस्कूल, इंटर और स्नातक में थर्ड डिवीजन पाने वाले अभ्यर्थी को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा का टॉपर बना दिया गया।

सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले मेहनत की कोई कीमत नहीं थी। एक भी भर्ती ईमानदारी से नहीं हुई। उन्होंने कहा मेरिट का अपमान महापाप है। पिछली सरकारों ने यह पाप किया था। इन पापों की सजा जनता ने दी है और आगे भी देगी। नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है।

अखिलेश यादव से पूछा- कहां देंगे 25 लाख नियुक्ति पत्र

उन्होंने कहा मैं सपा मुखिया अखिलेश यादव से कहूंगा कि आपने बताया नहीं कि 25 लाख नियुक्ति पत्र कहां देंगे। लोगों को अपने अतीत के बारे में बताइए। नौकरी पाने वाले युवाओं से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा आज आपके चेहरे पर जो चमक है वह उत्तर प्रदेश की चमक है। निष्पक्षता हमारी सरकार की पहचान है। हमनें प्रदेश को नई उड़ान व नई पहचान दी है।
167 करोड़ के बजट पर 1400 करोड़ रुपये खर्च
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में 167 करोड़ रुपये के बजट वाले गोमती रिवरफ्रंट पर 1400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, फिर भी परियोजना अधूरी रही। मौखिक आदेशों के कारण निचले स्तर के कर्मचारी जेल गए, जबकि जनता का पैसा लूटकर इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया में संपत्ति बनाने वाले लोग ऐश कर रहे हैं। जेपीएनआईसी के 200 करोड़ रुपये के डीपीआर के मुकाबले 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी काम अधूरा है।

पुरानी पेंशन पर सपा के दावों पर सवाल

मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन पर सपा के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2005 में सपा सरकार ने ही नई पेंशन योजना लागू की थी, लेकिन वर्ष 2017 तक कर्मचारियों के खाते नहीं खोले गए और न ही सरकारी अंशदान जमा किया गया। हमारी सरकार ने कमेटी गठित कर खाते खुलवाए, सरकारी अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और बजट से दस हजार करोड़ रुपये देकर 14 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया।

प्रभु से डरो पाखंड से नहीं

उन्होंने कहा कि पूर्व के मुख्यमंत्री अंधविश्वास के कारण नोएडा जाने से डरते थे। उन्होंने कहा कि प्रभु से डरो पाखंड से नहीं। नोएडा उत्तर प्रदेश चा चेहरा है। देश में निवेश का सबसे बड़ा केंद्र है। साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। अगले चार वर्षों में इसे देश की नंबर-एक अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाएंगे। पहले प्रदेश में कट्टा-बम बनाते थे, अब यहां दुनिया की श्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है।

समय पर प्रमोशन सरकार की प्राथमिकता: सुरेश खन्ना

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वित्तीय अनुशासन और कर्मचारियों को समय से प्रमोशन देना है। प्रमोशन कर्मचारियों का सम्मान है। जिस निष्पक्षता के साथ चयन हुआ है उसी निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ काम करें। प्रदेश का बड़ा बजट है तो आपको बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी। किसी भी स्तर पर अनियमितता नहीं होनी चाहिए। प्रमुख सचिव वित्त आलोक कुमार, सचिव वित्त मिनिस्ती एस व संदीप कौर भी उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री के हाथों इन्हें मिला नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने मंच पर 20 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें सहायक लेखाकार पद पर कृष्णकांत व्यास (झांसी), अभय प्रताप सिंह (मैनपुरी), दीपमाला (संतकबीर नगर), सोनम सैनी (मुरादाबाद), शशांक त्रिपाठी (अंबेडकरनगर), कृष्ण रमण (गोरखपुर), मोहित चौहान (मुरादाबाद), उत्तम कुमार सिंह (चंदौली), ममता यादव (रायबरेली), अभिषेक कुमार यादव (जौनपुर), रीतिका सोनकर (कानपुर नगर), उत्सव सक्सेना (शाहजहांपुर), राजदीप (सहारनपुर), अभिषेक कुमार (प्रयागराज) और संस्कृति मेहरोत्रा (लखनऊ) शामिल रहे। लेखा परीक्षक पद पर गौरव पांडेय (अयोध्या), डिम्पल यादव (बलिया), रोहन सोनकर और सान्निध्य सिंह (आजमगढ़) तथा कपिल कुमार (लखीमपुर खीरी) शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button