यूपी में बाढ़ से घिरे 19 जिले, 1.70 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित; तेज हुआ राहत कार्य

 राज्य में बाढ़ की स्थिति के बीच राहत आयुक्त कार्यालय ने राहत व बचाव अभियान तेज कर दिया है। वर्तमान में प्रदेश के 19 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और करीब 1.70 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, आश्रय, स्वास्थ्य सुविधाओं और पशुओं के चारे की व्यवस्था की जा रही है।

राहत आयुक्त डॉ.हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित जिलों में अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बाराबंकी, बदायूं, चित्रकूट, अमरोहा, चंदौली, फर्रुखाबाद, हमीरपुर, हरदोई, कासगंज, कन्नौज, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर और वाराणसी शामिल हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत कार्यों के लिए 549 बाढ़ चौकियां सक्रिय की गई हैं।

वहीं 525 नावों व मोटरबोट राहत-बचाव अभियान में लगाई गई हैं। संबंधित जिलों के प्रशासन ने 254 बाढ़ शरणालय स्थापित किए हैं, जिनमें से वर्तमान में 46 शरणालय संचालित हैं। इन शरणालयों में 1,151 लोग रह रहे हैं। प्रभावित परिवारों तक भोजन पहुंचाने के लिए अब तक 65,532 खाद्यान्न पैकेट और 3.08 लाख से अधिक लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं।

रविवार को ही 2,024 खाद्यान्न और 10,784 लंच पैकेट बांटे गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 200 मेडिकल टीमें भी गठित की गई हैं। साथ ही, 20,556 पशुओं के लिए अब तक 425.89 क्विंटल भूसा वितरित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button