दिल्ली में फिर एक और निर्भया का मामला, सीएम अरविन्द केजरीवाल ने कहा आरोपियों को मिलेगी कड़ी सजा


नई दिल्ली। दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट के पीरागढ़ी इलाके में 12 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार कमरे में अधमरा छोड़कर आरोपी फरार हो गया था। बच्ची के शरीर पर चोट के गंभीर निशान हैं, मासूम को एम्स में भर्ती किया गया है। बच्ची के हालत नाजुक बने हुए है, आने वाले 48 घंटे काफी अहम है। बच्ची कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसके साथ दरिंदगी हुई। विरोध करने पर न सिर्फ कैंची से उसके सिर और शरीर को गोद डाला, बल्कि अंदेशा है कि उसके साथ निर्भया जैसी वारदात को भी अंजाम दिया गया। खून से नहाई हुई बच्ची को मरा हुआ समझकर आरोपी वहां से फरार हो गया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मासूम से मिलने AIIMS पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डाक्टरों की टीम से बच्ची की हालात के बारे में पूछा, साथ ही परिवार वालों को हर संभव मदद का भरोसा देते हुए 10 लाख रुपये की ऐलान भी किया। केजरीवाल ने बताया कि मासूम की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। आने वाले 48 घंटे काफी अहम है।

https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/1291343122769747969?s=20

केजरीवाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। सरकार आरोपियों को कड़ी सजा सुनिश्चित करेगी। सरकार ने उसके परिवार के सदस्यों को 10 लाख रुपये देने की घोषणा दी है। केजरीवाल ने कहा है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए दिल्ली सरकार बड़े से बड़ा वकील खड़ा करेगी। उधर, दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने AIIMS के बाहर केजरीवाल का विरोध किया। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बढ़ते महिला और बाल अपराध को लेकर दिल्ली सरकार का पुरजोर विरोध किया। विरोध के बीच ही केजरीवाल एम्स परिसर के अंदर घुसे और बच्ची के परिजनों से मुलाकात की।

https://twitter.com/ANI/status/1291333424506998784?s=20

बच्ची के साथ क्या कुछ गुजरा होगा, यह इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि काफी देर तक बेसुध हालत में कमरे में सिसकती रही। उसके बाद जैसे-तैसे वह कमरे से घिसटते हुए बाहर आई और पड़ोसी के दरवाजे को खटखटाकर इशारे से खुद की हालत बयां करते हुए फिर से बेहोश हो गई। उसके निजी अंगों से लगातार खून बह रहा था। बच्ची की हालत देखकर पड़ोसी भी डर गए। तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दो दिन पहले पश्चिम दिल्ली में एक लड़की के साथ कथित रूप से यौन उत्पीड़न करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी में कथित देरी को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए। पुलिस ने बताया था कि 12 वर्षीय लड़की पर मंगलवार शाम विहार इलाके में उसके घर पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था । मालीवाल ने गुरुवार को एम्स में लड़की से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि लड़की की हालत बहुत गंभीर थी और डॉक्टर कह रहे थे कि उन्हें यकीन नहीं था कि वह बच पाएगी या नहीं। मालीवाल ने कहा, ‘‘लड़की के पूरे शरीर में कई जगह फ्रैक्चर और चोट के निशान हैं। उसे इस हद तक बेरहमी से मारा गया है कि उसके शरीर के हर हिस्से में चोट के निशान हैं।’’ मालीवाल ने कहा कि दो दिन हो गए हैं और पुलिस ने आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं डीसीपी से जांच के बारे में पूछने जा रही हूं।’’ उन्होंने पुलिस पर सवाल खड़ा करते हुए कहा, ‘‘क्या सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है? अब तक कितने बयान दर्ज किए गए हैं? यह कैसे संभव है कि आरोपी अब भी पकड़े नहीं गए है?’’ मालीवाल ने मांग की कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर मौत की सजा दी जानी चाहिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *