PM मोदी 3 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स पहुंचे, मिला “Guard of Honour”

सेशेल्स। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वह राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ बातचीत करेंगे और इस द्वीपीय देश के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्णजयंती समारोह में शामिल होंगे। सेशेल्स अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हर्मिनी और एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, सेशेल्स पहुंच गया हूं। हवाईअड्डे पर डॉ. पैट्रिक हर्मिनी द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत की मैं दिल से सराहना करता हूं। उन्होंने कहा, सेशेल्स, हिंद महासागर में हमारा एक अहम समुद्री साझेदार और करीबी दोस्त है।

मैं एक ऐसी सार्थक यात्रा की उम्मीद कर रहा हूं, जिसका मकसद हमारे पुराने रिश्तों को और मजबूत करना और दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए सहयोग को बढ़ाना है। प्रधानमंत्री ने यात्रा पर रवाना होने से पहले एक बयान में कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और विजन महासागर तथा ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की साझा प्रतिबद्धता का प्रमुख साझेदार है। राष्ट्रपति हर्मिनी के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा पर आए मोदी विशिष्ट अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो जहाज इन समारोहों में हिस्सा लेंगे। मोदी ने आगे कहा कि वह दोनों देशों की पुरानी दोस्ती को और मजबूत करने के मकसद से होने वाली द्विपक्षीय बातचीत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सेशेल्स दौरे पर रवाना होने से पहले उन्होंने कहा, हम मिलकर अपने लोगों की तरक्की के लिए काम करेंगे और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देंगे। दोनों पक्षों के द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की संसद नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले 2015 में सेशेल्स की यात्रा की थी, जबकि राष्ट्रपति हर्मिनी इसी साल भारत आए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button