
शिवसेना में फूट के बाद अब टूट’ की जंग यूपी की सियासत तक पहुंच गई है। सुभासपा मुखिया और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा में जल्द ही बड़ी टूट का दावा किया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के 25 सांसदों के संपर्क में होने की बात कह इसे और हवा दी है। वहीं, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए भाजपा पर डर व लालच की राजनीति का आरोप लगाया है। उनका भी दावा है कि भाजपा विधायक टूटने को तैयार बैठे हैं।
अखिलेश और ओम प्रकाश राजभर में ‘एक्स’ पर भी तकरार देखने को मिली। राजभर के दावे पर अखिलेश ने कहा, भविष्यवाणी करने वाले अपनी पार्टी की भविष्यवाणी करें कि उन्हें भाजपा 75 सीट दे रही है 50 या फिर सिर्फ आश्वासन। इन्होंने भाजपा के गठबंधन से 30 सीटें मिलने की अफवाह फैलाकर जो पैसा अडवास लिया है, वो लोग इन्हे ढूंढ रहे है। इस पर राजभर ने जवाब दिया, ‘आपकी लंका में आग लगने वाली है और आप दूसरों की थिता में लगे है। गजब आदमी है महाराज आप। आप पुराने मित्र है, इसलिए पहले ही बता दिया। बचा सकते है तो बचा लीजिए अपनी पार्टी को। बुला लीजिए सांसदों और विधायकों की बैठक।’
ब्राह्मणों के तिरस्कार से बागी बलिया का लाल आहत: राजभर
गुरुवार सुबह राजभर ने फिर सोशल मीडिया पर सपा पर वार किया। उन्होंने लिखा- ‘कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा। और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे ‘बागी बलिया’ का लाल बहुत आहत है। योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। टूट होकर रहेगी। मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, एसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें। और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे।’

सपा के 25-26 सांसद टूटने को तैयार बैठे हैं: राजभर
इससे पहले ने बुधवार की सुबह ‘एक्स’ पर दावा किया था कि सपा में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्टी सौंपी है। खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मस्टरमाइंड कौन है, पूरा प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र बंगल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है। ‘रामगोपाल यादव सपा मुखिया अखिलेश के चाचा और पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव है। इधर, राजभर के दवे पर कानपुर में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भी कह दिया, ‘सपा के 25-26 सांसद अभी टूटने को तैयार बैठे हैं। हम लोग तोड़ ही नहीं रहे हैं। 27 में वह अपने आप टूट कर चले जाएंगे।’
जो डर जाएगा अपना दल छोड़ चला जाएगाः अखिलेश
राजभर के दावे पर सपा मुखिया अखिलेश यदव ने पहले तो तंज किया, ‘दाना और गाना कब तक चलेगा यह अफसाना’। फिर उन्होंने कहा कि भाजपा इसी तरह से काम करती है। वह कई दलों को तोड़ चुकी है। यूपी ने भी सपा के कई विधायक, एमएलसी, राज्यसभा सदस्य तोड़े थे। लालच कर, डरा कर कुछ भी कर सकते है। जो डर जाएगा, अपना दल छोड़कर चला जाएगा, भाजपा से मुकाबला करना है तो बहादुर लोगों की टीम होनी चाहिए। सपा मुकाबला करने को तैयार है। अखिलेश ने यह भी दावा किया है कि अब भाजपा को मैं नहीं तोडूंगा।




