पकड़ा गया स्वतंत्र भारद्वाज: दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से किया गिरफ्तार, पकड़ने के लिए बनाया था खास प्लान.

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रा नीशु आजाद के पिता से मारपीट करने वाले आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया है। पुलिस को उसके बुलंदशहर में होने की इनपुट मिले थे इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उसे पकड़ने के लिए खास प्लान बनाया और सभी लोग सादे कपड़ों में पहुंचे और उसे दबोच लिया। इससे पहले ये खबर भी आ रही थी कि स्वंत्रत भारद्वाज मौके से फरार हो गया है। उसके हेलमेट पहनकर बाइक से भागने की खबर आ रही थी। 

रेप की धमकियों से घर से निकलने में लगता था डर
इससे पहले निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट मामले में पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर शुक्रवार को दिनभर गहमागहमी रही। इस मामले में पीड़िता निशु आजाद, उनके पिता संजय आजाद, आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद, सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और वकील ऋषभ रंजन ने मीडिया से बात की और पुलिस से हुई बातचीत की जानकारी दी।

सीजेपी कार्यकर्ता निशु आजाद ने कहा कि पिछले कई दिनों से आरोपी के समर्थक उन्हें गालियां दे रहे थे और रेप की धमकियां दे रहे थे। निशु ने कहा कि सच बताऊं तो इतने दिनों से जो लोग मुझे गालियां दे रहे थे और रेप की धमकियां दे रहे थे। मैंने उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। अब उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है और मुझे उम्मीद है कि पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि इन धमकियों की वजह से उनकी जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है। जिस तरह से ये लोग मुझे गालियां दे रहे थे, रेप की धमकियां दे रहे थे और मेरे अश्लील स्टिकर बना रहे थे, उसकी वजह से मुझे घर से बाहर निकलने में भी शर्म आ रही थी। इस घटना की वजह से डर के चलते मैं दो-तीन हफ्ते कॉलेज नहीं गई। और अब जब जाती हूं तो लगता है कि सब मुझे जज कर रहे हैं, बहुत बुरा लगता है। मुझे उम्मीद है कि पुलिस अब कार्रवाई करेगी ताकि मुझे ये सब और न सहना पड़े। अब तक पुलिस जवाब नहीं दे रही थी लेकिन अब दे रही है। तो उम्मीद है कि पुलिस इसी तरह कार्रवाई भी करेगी।

72 घंटे में दिया था गिरफ्तारी का आश्वासन
निशु के पिता संजय आजाद ने जानकारी दी थी कि दिल्ली पुलिस ने एफआईआर में कानूनी धाराओं को शामिल करने की हमारी मांग मान ली है। पुलिस ने हमें 72 घंटे का समय दिया है। हमें विश्वास है कि 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमें दिल्ली पुलिस और संविधान पर पूरा भरोसा है।

‘गुंडे घूम रहे हैं’
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि 72 घंटे के अंदर, हमें पूरा भरोसा है। जो आश्वासन उन्होंने दिया है, हमें भरोसा है कि दिल्ली पुलिस जिसे पूरे देश में एक प्रमुख एजेंसी माना जाता है, वह अपनी प्रतिबद्धता को निभाएगी। जो गुंडे घूम रहे हैं, देश में और देश की राजधानी में इतने खुलेआम घूम रहे हैं, उन्हें इस तरह खुलेआम घूमने नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आप जानते हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने अभी छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर को रद्द कर दिया है। इस समय, अगर आपने दिल्ली पुलिस का हलफनामा पढ़ा है, तो उन्होंने कहा था कि 2,800 हिस्ट्रीशीटर, दुर्दांत अपराधियों की जांच कर उन्हें जेल में डालने की जरूरत है। तो हमने भी कहा, उन्हें जेल में डालो, हमने वो शर्त मान ली। तो क्या स्वतंत्र भारद्वाज जैसे ये गुंडे वे जंतर-मंतर पर आए, क्या दिल्ली पुलिस ने उस समय उनकी पहचान नहीं की? और जब वह आया तो धमकी देते हुए आया, वह निशु को धमकी दे रहा था, और जब वह जंतर-मंतर आया तो उसने वहां इतना जघन्य अपराध किया, हत्या का प्रयास किया। उसके बाद, एफआईआर दर्ज होने के बाद भी दिल्ली पुलिस अभी भी उसे बचा रही है और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। क्या वह उन 2,800 दुर्दांत अपराधियों में से एक नहीं है? तो दिल्ली पुलिस सुप्रीम कोर्ट में एक बात कहती है और यहां बिल्कुल अलग कार्रवाई करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button