गाजियाबाद में बारिश बनी जानलेवा: इंदिरापुरम में ट्रांसफॉर्मर के पास पानी में उतरा करंट

लगातार हो रही बारिश के बीच गाजियाबाद के इंदिरापुरम में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के बाद हुए जलभराव के कारण पार्क के पास पानी में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक बबलू उर्फ नरेंद्र की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पार्क में जलभराव के बीच हुआ हादसा

घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के ज्ञानखंड-1 स्थित पार्क नंबर-1 की है। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण पार्क के आसपास पानी भर गया था। इसी दौरान वहां मौजूद बबलू उर्फ नरेंद्र करंट की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

स्थानीय लोगों द्वारा अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मध्य प्रदेश का रहने वाला था मृतक

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक बबलू उर्फ नरेंद्र मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ा महवा अंजनौर गांव का निवासी था। वह गाजियाबाद के ज्ञानखंड स्थित एक सोसायटी में साफ-सफाई का कार्य करता था।

ट्रांसफॉर्मर के पास खड़ा था युवक

पुलिस के अनुसार, आज दोपहर बबलू पार्क नंबर-1 के पास स्थित एक ट्रांसफॉर्मर के नीचे खड़ा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जलभराव के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। पुलिस का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पानी में करंट आने की वजह क्या थी और किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button