
संतकबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को शाम के चार बजे हैंसर बाजार ब्लॉक के बसवारी गांव स्थित बैजूनाथधाम शिव मंदिर में आएंगे। यहां पर वह जनसभा को संबोधित करेंगे। वह धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लिए दो अरब 24 करोड़ 79 लाख 60 हजार रुपये लागत के 65 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसमें 54 करोड़ 42 लाख 11 हजार रुपये लागत के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण जबकि एक अरब 70 करोड़ 37 लाख 49 हजार रुपये लागत के 48 विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। डीएम ने इस कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 35 अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी है। सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया चिकित्सकों व एंबुलेंस के साथ कैंप करेंगे। खलीलाबाद के एसडीएम हृदय राम तिवारी हेलीकाप्टर के प्रयोग के लिए पर्याप्त मात्रा में एटीएफ फ्यूल की व्यवस्था करेंगे।

इन अधिकारियों को मिली ये जिम्मेदारी
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन आरके पाण्डेय को मानक के अनुसार हेलीपैड तैयार करना,जनसभा स्थल पर पांडाल, बैरिकेटिंग, साइनेज, वीआईपी के लिए मंच तैयार करना, पार्किंग आदि की जिम्मेदारी दी गयी है। प्रभारी डीपीआरओ (एसडीएम न्यायिक धनघटा) संजीव राय को हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक साफ-सफाई व पानी का छिड़काव आदि की जिम्मेदारी मिली है। एसडीएम न्यायिक मेंहदावल डॉ. सुनील कुमार, सी एंड डीएस के प्रोजेक्ट डायरेक्टर व नगर पंचायत हैंसर बाजार के ईओ धीरज सिंह को साफ-सफाई के अलावा पूजा-अर्चना के लिए सामग्री उपलब्ध कराना, मंदिर सुंदरीकरण संबंधित निर्माणाधीन परियोजना की प्रगति व मानचित्र को प्रदर्शित करेंगे।
धनघटा के एसडीएम रविकांत चौबे व एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को मुख्य पांडाल,उसके अंदर वीआइपी व सामान्य ब्लॉक में प्रवेश के लिए गेट तैयार करना आदि, अपर एसडीएम सुधीर कुमार, कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी व नाजिर-सदर को वाहनों की पार्किंग, वीवीआईपी व ड्यूटी में लगे कर्मियों का पास जारी कराना आदि जिम्मेदारी मिली है। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता व धनघटा के एसडीओ को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त सतीश कुमार व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय को सेफ हाउस में खान-पानी की जांच कराने, अग्निशमन विभाग के प्रभारी अशोक यादव को फायर ब्रिगेड, हेलीपैड पर स्मॉग कैडिल, विंड शॉक, रेड फ्लेग की व्यवस्था करेंगे।
डीएफओ हरिकेश यादव को झाड़ी की कटाई-छटाई, मधुमक्खियों के छत्तों, बंदरों व अन्य जानवरों को आने से रोकेंगे। जिले के सभी आठ नगरीय निकायों के ईओ को मोबाइल टॉयलेट, पीने के पानी का टेंकर उपलब्ध कराएंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार तिवारी को कार्यक्रम स्थल के आसपास बेसहारा पशु के आने पर उन्हें गोशाला में भेजेंगे। इसके अलावा अन्य अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गयी है।




