
उत्तर प्रदेश में NEET री-एग्जाम को लेकर तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है। इस क्रम में रेलवे की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। 21 जून को पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों के परिचालन की योजना बनाई गई है। छात्रों की सुविधा को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से सात विशेष ट्रेनों के परिचालन की योजना बनाई गई है। उत्तर रेलवे की अलग तैयारी है। रूट भी तय किए गए हैं। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने रोडवेज बसों में नीट परीक्षार्थियों के लिए 50 फीसदी किराए में छूट का ऐलान किया है। बस में परीक्षा का एडमिट कार्ड दिखाकर छात्र इस छूट का लाभ ले सकेंगे। गोरखपुर, लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज के बीच विशेष ट्रेनों के परिचालन की योजना है।
सीपीआरओ ने दी जानकारी
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से NEET परीक्षा में उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों के लिए सुगम यात्रा की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन कराया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे ने 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। लखनऊ मंडल में दो जोड़ी ट्रेनों की योजना बनाई गई है। हम कुल 7 ट्रेनें चला रहे हैं, जो पर्याप्त कोचों से सुसज्जित हैं। उम्मीदवारों या उनके साथ आने वाले उनके परिवारों को किसी भी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सीपीआरओ ने कहा कि कोई भी रेलवे ऐप पर सभी विशेष ट्रेनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है। विशेष ट्रेनों के चलने की भी निगरानी की जा रही है ताकि उनके समय पर चलने को सुनिश्चित किया जा सके। उम्मीदवारों को कोई परेशानी और समस्या न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। सीपीआरओ ने कहा कि परीक्षा के समय स्टेशनों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। केंद्रीय नियंत्रण कक्ष में एक वॉर रूम स्थापित किया गया है। किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं होगी।

लखनऊ-गोरखपुर के बीच चार ट्रेनें
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गोरखपुर-लखनऊ के बीच चार अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। वहीं, लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के पीआरओ महेश गुप्ता के मुताबिक, 05007 गोरखपुर से लखनऊ जंक्शन के लिए गोरखपुर से सुबह 4:05 बजे चलेगी। यह खलीलाबाद 4:56 बजे, बस्ती 5:22 बजे, बभनान 5:52 बजे, मनकापुर 6:22 बजे, गोंडा 6:55 बजे, करनैलगंज 7:24 बजे, बाराबंकी 8:38 बजे, बादशाहनगर 9:20 बजे और लखनऊ जंक्शन 10:00 बजे पहुंचेगी।
इसी प्रकार 05008 लखनऊ-गोरखपुर विशेष ट्रेन लखनऊ से शम 7:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह बादशाहनगर शाम 7:50 बजे, बाराबंकी शाम 8:28 बजे, करनैलगंज रात 9:20 बजे, गोंडा रात 10:12 बजे, मनकापुर रात 10:40 बजे, बभनान रात 11:12 बजे, बस्ती रात 11:42 बजे, खलीलाबाद रात 12:08 बजे और गोरखपुर रात 1:15 बजे पहुंचेगी।
अन्य ट्रेनों का भी संचालन
लखनऊ से गोरखपुर के लिए दूसरी ट्रेन 05036 लखनऊ से सुबह 4:40 बजे चलेगी। इन गाड़ियों में सामान्य द्वितीय श्रेणी यानी जनरल कोच के 10 डिब्बे होंगे।नीट परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल भी 21 जून को परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाएगा। लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए ट्रेन चलाने जा रहा है। दोनों ट्रेनें अनारक्षित होंगी। एक में 11 और दूसरे में 14 कोच लगाए जाएंगे।




