
प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत परिषदीय स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के सम्मान में 23 अगस्त को प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य समारोह लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होगा। इसके साथ ही सभी जिलों और तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी।
इन कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। प्रदेश में प्रधानमंत्री पोषण योजना से करीब 3.50 लाख रसोइये जुड़े हैं। वर्तमान में उन्हें हर महीने दो हजार रुपये मानदेय मिलता है। मानदेय बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

ऐसे में सम्मान समारोह में रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के लखनऊ कार्यक्रम के समापन के बाद जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधि और जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान रसोइयों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए जाएंगे।
- 23 अगस्त को प्रदेशभर में रसोइयों का सम्मान समारोह।
- लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता।
- रसोइयों के मानदेय में 1000 रुपये बढ़ोतरी की संभावना।




