लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर किया हमला, बोले- विपक्ष की विभाजनकारी नीतियों से रहे सावधान


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से विपक्ष की विभाजनकारी नीतियों से सावधान रहने की अपील की है। कांग्रेस, सपा और बसपा का बिना नाम लिए मुख्यमंत्री ने कहा है कि विपक्षी दलों की सोच घटिया और इरादे खतरनाक हैं। विभाजन इनके डीएनए में है। इसी सोच के तहत इन्होंने पहले देश को बांटा और अब जाति, संप्रदाय, मजहब और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।

इनके लिए अपने खानदान का हित ही सर्वोपरि है, बाकी सब गौण। 15 साल तक प्रदेश की सत्ता पर काबिज रहने वाली बसपा और सपा के पास उपलब्धि के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार और अराजकता है। समय-समय पर इन दलों ने अपने हित में लोकतंत्र और संविधान का गला घोंटा है। इनका विकास सिर्फ नारों और भाषणों तक सीमित रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के मद्देनजर वहां के मंडल, सेक्टर और बूथ के प्रमुख पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विकास की असली शुरुआत तो छह साल पहले केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में भाजपा की सरकार बनने के साथ हुई। प्रधानमंत्री के ही मार्गदर्शन में वही काम उत्तर प्रदेश में हो रहा है। चौतरफा विकास के नाते भाजपा की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। जनता में एक सकारात्मक भाव पैदा हुआ है। ऐसे में कोई मौका न देखकर इन दलों की नाखुशी अब हताशा में बदल चुकी है। लिहाजा वे सरकार को बदनाम करने का हर हथकंडा अपना रहे हैं पर इनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होने वाले।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *